निमरानी(जितेंद्र सिंह सोलंकी)
खलबुजुर्ग पंचायत के ग्राम पानवा में आज रात्रि को परंपरागत रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा। गांव में सुबह से ही उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणजन पूरे उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम पटेल दादू सिंह सोलंकी द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन कर होलिका दहन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ अग्नि प्रज्ज्वलित की जाएगी, जिसके पश्चात ग्रामीणजन होलिका की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे,शाम के समय गांव की बालिकाएं और महिलाएं बड़ी संख्या में होलिका स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने पारंपरिक रूप से गाय के गोबर से बने कंडे एवं बड़कुल्ले की मालाएं अर्पित कर पूजा-अर्चना की,महिलाओं ने लोकगीत गाते हुए होलिका माता से परिवार की मंगलकामना की।
ग्रामीणों का मानना है कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इस अवसर पर गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता की भावना भी प्रबल रूप से दिखाई देती है।

Post a Comment