रितेश जैन दबंगदेश
इंदौर दिनांक 13 मार्च 2026। नगर निगम इंदौर द्वारा शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूर्णतः समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में *महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल* के निर्देशानुसार शहर के उत्पादकों एवं *थोक विक्रेताओं के साथ “ईको स्वैप” बैठक का आयोजन* किया गया।
अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण हितैषी एवं उपयोगी विकल्प उपलब्ध कराना है, ताकि बाजार में आसानी से प्लास्टिक के स्थान पर अन्य विकल्प उपलब्ध हो सकें और नागरिक भी उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित हों।
बैठक में अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह द्वारा उपस्थित उत्पादकों एवं थोक विक्रेताओं से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के स्थान पर उपलब्ध वैकल्पिक उत्पादों के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि नगर निगम इंदौर शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस अभियान में व्यापारियों, उत्पादकों एवं नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
अपर आयुक्त श्री सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी उत्पादकों एवं थोक विक्रेताओं को शासन द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उत्पादन, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर लगाए गए प्रतिबंध की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था प्रतिबंधित प्लास्टिक का उत्पादन, भंडारण या विक्रय करते हुए पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान उपस्थित व्यापारियों एवं उत्पादकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के बैग, कागज के बैग, बायोडिग्रेडेबल सामग्री से बने उत्पाद, पत्तों से बने दोने-पत्तल तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के उपयोग एवं उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अंत में सभी उपस्थित उत्पादकों एवं थोक विक्रेताओं को प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उत्पादन, भंडारण एवं विक्रय नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की शपथ भी दिलाई गई। नगर निगम द्वारा यह भी अपील की गई कि शहरवासी भी सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद कर पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपनाएं, जिससे इंदौर शहर स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी एक मिसाल कायम कर सके।

Post a Comment