दबंग देश अनिल शर्मा विदिशा
विदिशा --- विदिशा , 50 वर्षीय महिला की गला घोटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपियों ने महिला के शव को ढोलखेड़ी गुरारिया के पास नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन पुलिया के नीचे फेंक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सहित एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान शमशाबाद निवासी सविता राजपूत (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला शमशाबाद से किसी वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए आई थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उसकी गला घोटकर हत्या कर दी और शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment