प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने सुना
सोंडवा में आयोजित कार्यक्रम को वन, पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने संबोधित किया
विजय मालवी दबंग देश
अलीराजपुर,
म.प्र. ग्रामीण आजीविका मिशन एवं एनयूएलएम के स्वयं सहायता समूहों से जुडी बहनों के प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को लाइव टेलीकास्ट माध्यम से सुना गया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बहनों का आत्मविश्वास देखते बनता है। उन्होंने कहा देश में बहनों माताओं को समूहों से जोड़ने और उनके उत्थान और आर्थिक उन्नति के लिए केन्द्र सरकार पूरी ईमानदारी के साथ कार्य कर रही है।
उनकी सरकार मातृ शक्ति के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। मातृ शक्ति का देष की प्रगति और उन्नति में विशेष योगदान है। उन्होंने कहा केन्द्र सरकार ने मातृ शक्ति को सशक्त करने के लिए कई योजनाओं प्रारंभ की। जनधन खातों के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को बैंक से जोडा गया।
बीते 10 वर्षो में स्वय सहायता समूहों से 10 करोड़ से अधिक बहने जुड चुकी है, देशभर में समूहों से जुड़ी बहनों को 8 लाख करोड़ रुपये आर्थिक रूप से सक्षम होने के लिए बैंकों के माध्यम से मिले। उन्होंने कहा एसएचजी की ताकत राष्ट्र की ताकत है। समूहों से जुडी महिलाएं कृषि, मत्स्य पालन, पशुपालन, हस्तशिल्प सहित अन्य कार्यों में आत्मनिर्भर हो रही है।
उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य देश भर की समूह से जुड़ी तीन करोड दीदीयों को लखपति बनाना है। समूहों से जुडी बहनें आर्थिक रूप से सक्षम हो रही है। गांवों की तस्वीर बदल रही है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का जिक्र करते हुए उक्त योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा नमो ड्रोन योजना के तहत समूह से जुडी बहनों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्रदान कर खेती की आधुनिक तकनीक में पांरगत किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण हेतु बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य कई योजनाओं के माध्यम से बालिका,
महिला सशक्तिकरण हेतु विशेष प्रयास किये जा रहे है। अलीराजपुर जिलेभर में उक्त कार्यक्रम को लाइव सुना और देखा गया। प्रदेश के वन, पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्री श्री नागरसिंह चौहान सोंडवा जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा केन्द्र और प्रदेश सरकार के माध्यम से बडी संख्या में गरीब परिवारों की बहने माताएं समूहों से जुडकर आत्मनिर्भर हो रही है। छोटे-छोटे व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम होकर परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ रही है।
उन्होंने कहा समूह से जुडने के बाद महिलाओं को आगे बढने का मंच मिल रहा है। महिलाओं की परिवार के निर्णयों में भागीदारी बढ रही है। उन्होंने कहा महिलाएं जिले, राज्य एवं देश भर में अपनी अलग पहचान बना रही है। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कलेक्टर डाॅ. अभय अरविंद बेडेकर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, एसडीएम श्री सीजी गोस्वामी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधिगण, बडी संख्या में समूहों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित थीं।
अलीराजपुर काॅलेज आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में श्री इंदर सिंह चौहान, श्री जयपाल खरत, पार्षद श्री राजेन्द्र मोदी, सांसद प्रतिनिधि श्री गोविन्दा गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन एवं बडी संख्या में समूहों से जुडी महिलाएं उपस्थित थे।
जिलेभर में उक्त कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें समूहों से जुडी महिलाएं सम्मिलित हुई। इस कार्यक्रम में म.प्र. ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टाॅफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं समूहों से जुडी महिलाएं उपस्थित थे।


Post a Comment