मगरखेड़ी के पास देर रात वारदात, पुलिस जांच में जुटी
निमरानी(जितेंद्र सिंह सोलंकी)
मुंबई–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम मगरखेड़ी के समीप गुरुवार रात करीब 11:30 बजे इंदौर से मुंबई जा रही एक यात्री बस पर अज्ञात बदमाश ने पथराव कर दिया। अचानक लगे बड़े पत्थर से बस का अगला कांच पूरी तरह टूट गया। गनीमत रही कि बस में सवार लगभग 15 यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और बड़ी घटना टल गई,घटना के बाद चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोका और पुलिस को सूचना दी। पत्थर बस के अंदर आ गिरा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बाहर उतरकर देखने पर आसपास कोई संदिग्ध नहीं मिला,सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान, सहायक उपनिरीक्षक अशोक नैयर और 112 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचे। चालक संतोष ठाकुर निवासी नंदविहार कॉलोनी, राऊ ने बताया कि मगरखेड़ी स्थित सेंचुरी कंपनी गेट के सामने अचानक चलती बस के सामने वाले कांच पर बड़ा पत्थर आ लगा, जिससे कांच चकनाचूर हो गया।
उन्हें यह स्पष्ट नहीं हो सका कि पत्थर किसने और कैसे फेंका।पुलिस ने घटनास्थल से पत्थर बरामद कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।गौरतलब है कि इससे लगभग एक घंटे पहले भी 112 पर सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे निमरानी क्षेत्र में एक अन्य बस पर पथराव हुआ, जिससे उसका साइड ग्लास टूट गया। वहां भी आरोपियों का कोई पता नहीं चल सका और बस मुंबई के लिए रवाना हो गई।थाना प्रभारी सागर चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। लगातार दो घटनाओं के बाद हाईवे पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Post a Comment