कैलाश विजयवर्गीय ने गाए भजन, अंजली द्विवेदी व गोकुल शर्मा ने बांधा समां — हजारों श्रद्धालु बने साक्षी
दीपक शर्मा दबंग देश
देपालपुर/विगत दिवस देपालपुर स्थित प्राचीन महिषासुर मर्दिनी देवी माता मंदिर प्रांगण में लगातार 30 वर्षों से चली आ रही भव्य कैलाश जी की भजन संध्या का दिव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री एवं भाजपा के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय की पावन उपस्थिति रही।
भक्ति का अलौकिक वातावरण
सुप्रसिद्ध गायक श्री गोकुल शर्मा, ख्यातनाम भजन गायिका सुश्री अंजलि द्विवेदी एवं उनके साथियों की सुमधुर प्रस्तुतियों से सम्पूर्ण वातावरण माँ जगदम्बा की भक्ति-रसधारा से सराबोर हो उठा।
जैसे ही भजनों की गूँज मंदिर प्रांगण में फैली, वैसे ही चारों ओर भक्ति, आनंद और दिव्यता का अनुपम संगम दिखाई दिया।
14 साल की उम्र से शुरू हुआ आयोजन
भजन संध्या का आयोजन वर्ष 1996 से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा द्वारा शुरू किया गया था। उस समय वे मात्र 14 वर्ष के थे।
मंत्री विजयवर्गीय ने मंच से उन्हें बधाई और आशीर्वाद देते हुए कहा — “30 साल पहले का देपालपुर और आज का देपालपुर बिल्कुल अलग है। पहले कुछ लोग ही आते थे, लेकिन आज हजारों श्रद्धालुओं से पंडाल खचाखच भरा होता है। शानदार व्यवस्था है और अब नगर में मंदिर ही मंदिर नजर आते हैं। 24 अवतार मंदिर भी निर्मित हो चुके हैं और निरंतर निर्माण जारी है।”
भजनों और गीतों से मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
अंजली द्विवेदी ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का आगाज़ किया। इसके बाद उन्होंने “बोलो ॐ नमः शिवाय”, “आ माँ आ तुझे दिल ने पुकारा”, “पताका लहर-लहर लहराए” और “कुछ अच्छे कर्म किए होंगे” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच से उन्होंने समाज को संदेश भी दिया — “सुनो हिंदुओ, पहले राष्ट्र फिर कास्ट।”
कैलाश विजयवर्गीय ने “ओ माँ” भजन गाया और स्वर कोकिला लता मंगेशकर के जन्मदिन पर उनका लोकप्रिय गीत “ये देश है अलबेलों का, मस्तानों का” भी गुनगुनाया।
उन्होंने माता-पिता की महत्ता पर आधारित भजन, शहीद भगत सिंह के जन्मदिन पर गीत और पाकिस्तान को लताड़ते हुए “सुन ले बेटा पाकिस्तान” भी प्रस्तुत किया।
वहीं, गायक गोकुल शर्मा ने “मेरा तो कुछ नहीं सांवरिया सेठ” और “मोटर न गाड़ी” जैसे भजनों से पंडाल में भक्तों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
आयोजक चिंटू वर्मा ने बताया कि पिछले 30 वर्षों में जब भी भजन संध्या हुई है, इंद्रदेव ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
कई बार कार्यक्रम के दौरान बारिश हुई, लेकिन जैसे ही माता की आरती हुई, बारिश थम गई। इसे वे मां नर्मदा का आशीर्वाद मानते हैं।
मंच से कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर नगर निगम द्वारा देपालपुर में स्वच्छता की जिम्मेदारी लेने पर भी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा —
“जैसे इंदौर देश के स्वच्छ नगरों में नंबर वन है, वैसे ही अब देपालपुर भी स्वच्छ नगर की गिनती में शामिल होगा। मैंने महापौर जी से कहा है कि नगर परिषद देपालपुर को गोद लिया जाए। देपालपुर को नंबर-1 बनाने के बाद बाकी सभी नगर परिषदों को भी इसी पायदान पर लाएंगे। मैं फिर आऊंगा देपालपुर।”
जीत पर लहराया तिरंगा
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही भारत की पाकिस्तान पर जीत की खबर आई, मंच से तिरंगा लहराया गया।
देशभक्ति गीत गाए गए और श्रद्धालुओं ने विजय के इस क्षण का उल्लासपूर्वक जश्न मनाया। इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार, प्रदेश प्रकाश अखबार के चेयरमैन सूरज रजक, वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल सिंह चौधरी, उमानारायण पटेल, ओम परसावदिया, भुवान सिंह पंवार, बन्ने सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मालवीय, भाजपा जिला महामंत्री कैलाश चौहान, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोज ठाकुर, देपालपुर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अनीता महेश पुरी, सांवेर नगर परिषद अध्यक्ष संदीप चगेड़िया और मानपुर नगर परिषद अध्यक्ष पवन यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


Post a Comment