इको-फ्रेंडली रक्षाबंधन मनाया : दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश Eco-friendly Rakshabandhan celebrated: Message of environmental protection given
मुकेश मालवीया दबंग देश
हरसूद : अरिहंत पब्लिक स्कूल ने रक्षाबंधन जैसे सांस्कृतिक पर्व को केवल परंपरा तक सीमित न रखते हुए इसे इस बार नवाचार और पर्यावरणीय चेतना के साथ मनाया।
विद्यालय में आयोजित“इको-फ्रेंडली राखी मेकिंग प्रतियोगिता” में बच्चों ने प्राकृतिक बीजों का उपयोग कर राखियाँ तैयार कीं और एक अद्भुत मिसाल पेश की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को कला, संस्कृति और पर्यावरणीय जिम्मेदारी से जोड़ना था। *राखियों के निर्माण में बच्चों ने चना, मूंग, मैथी, कद्दू, तिल, धान, सरसों, मक्का, मसूर जैसे बीजों का प्रयोग किया। उन्होंने इन बीजों को रंग-बिरंगे कागजों, धागों और सजावटी सामग्रियों के साथ मिलाकर सुंदर राखियाँ तैयार कीं। बीजों से बनी ये राखियाँ बायोडीग्रेडेबल हैं और यदि मिट्टी में बोई जाएँ तो इनमें से पौधे भी उग सकते हैं।
राखी बनाओ प्रतियोगिता में।ग्रुप अ में महिमा प्रथम एवं परिधि द्वितीय ,ग्रुप ब में दिव्यांशी प्रथम एवं कनक द्वितीय , ग्रुप स में अर्शिता प्रथम एवं भाग्यश्री द्वितीय रही ।छात्राओं ने अपने भाइयों को राखी बाँधते समय उनसे यह भावपूर्ण आग्रह किया कि।
“भैया, इस बार राखी को सँभालकर किसी गमले या मिट्टी में बो देना, और जैसे तुम हमारी रक्षा करते हो, वैसे ही उस पौधे की भी रक्षा करना।”
संचालक संतोष जैन ने कहा कि,
“रक्षाबंधन केवल भाई–बहन के पवित्र संबंध का प्रतीक नहीं, बल्कि यह संरक्षण, विश्वास और जिम्मेदारी का भी उत्सव है। इस वर्ष हमारे विद्यार्थियों ने इस पर्व को पर्यावरण से जोड़कर एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। बीजों से बनी राखी का संदेश यह है कि जैसे हम अपने रिश्तों की रक्षा करते हैं, वैसे ही प्रकृति और उसके हर पौधे की भी रक्षा करें। हम चाहते हैं कि विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि जीवन से जुड़े मूल्यों को भी आत्मसात करें।”
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष कविता जैन , प्रधानाध्यापिका प्रीति दुबे , मैनेजिंग डायरेक्टर अक्षत जैन,अमिता खमेले,कपिल यादव सहित समस्त स्टाफ उपस्थित था ।
0 Comments