मुख्यमंत्री जी द्वारा भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह का लोकार्पणInauguration of Bharat Ratna Shri Atal Bihari Vajpayee Auditorium by the Chief Minister

मुख्यमंत्री जी द्वारा भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह का लोकार्पण

 निगम को 50 करोड राशी देने की घोषणा

 केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओ को नगरीय निकाय करती है बेहतर क्रियान्वयन- मान. मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रदेश में नगर निगमों सहित अन्य स्थानीय निकायों को और अधिक संपन्न बनाया जायेगा - मुख्यमंत्री 

पक्ष व विपक्ष को छोडकर सहयोगी पक्ष के रूप में करेगे इंदौर का विकास- महापौर

 


 इंदौर /02 फरवरी 2024। मान. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में नगर निगमों सहित अन्य स्थानीय निकायों को और अधिक अधिकार संपन्न बनाया जायेगा। इससे विकास को नई गति और नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के भी प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने इंदौर नगर निगम को विकास कार्य के लिये 50 करोड़ रूपये देने की घोषणा की। 

  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यहां इंदौर नगर निगम के नवनिर्मित परिषद सभागृह के शुभारंभ अवसर पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व महापौर श्री कृष्णमुरारी मोघे, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव तथा नगर निगम के सभापति श्री मुन्नालाल यादव मंचासीन थे। 


 इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए *मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव* ने कहा कि इंदौर भाग्यशाली है कि वह दो ज्योर्तिलिंगों के मध्य स्थित है। यहाँ अहिल्या माता जैसी कुशल एवं कर्मठ प्रशासक रही हैं। उन्होंने इंदौर के विकास में अहिल्या माता तथा होल्कर वंश द्वारा दिये गये योगदान का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि अहिल्या माता का इंदौर के विकास में विशेष योगदान है। उन्होंने अन्य शहरों और धर्मस्थलों में भी विशेष विकास कार्य करवाये हैं। हमें इनसे प्रेरणा लेना चाहिये। डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर नगर निगम के नवनिर्मित परिषद सभागृह का नाम भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व.श्री अटलबिहारी वाजपेयी के नाम से रखना गौरव की बात है। स्व. श्री वाजपेयी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को गौरवान्वित किया तथा उच्च आदर्श मापदण्ड स्थापित किये। हमें उनसे प्रेरणा लेना होगी। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि विकास में स्थानीय निकायों की अहम भूमिका है। इसको देखते हुए उन्हें और अधिक अधिकार संपन्न बनाया जायेगा। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास भी होंगे। इससे विकास को नई गति और नई दिशा मिलेगी। उन्होंने इंदौर नगर निगम के निर्माणाधीन भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिये 50 करोड़ रूपये देने की घोषणा की। 


 कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नगरीय विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर में नगर निगम द्वारा अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सुंदर सदन का निर्माण किया गया है, बहुत ही सुंदर भवन है, लगता है विधानसभा छोडकर यहां पार्षद बन जाउ, उन्होंने कहा कि सदन में सकारात्मक चर्चा हो। सभी जनप्रतिनिधि पूर्ण अध्ययन के साथ चर्चा में भाग लेवें। तथ्यों के साथ अपनी बात को रखें। उन्होंने कहा कि पार्षदों को अध्ययनशील बनना चाहिये। पार्षद विधायिका की पहली सीढ़ी है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे पदों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं मेहनत के साथ जनता के हित में करें। सुंदर सदन में शहर की सुंदरता के काम हो, यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि इंदौर शहर के विकास में पूरी मदद दी जायेगी। शहर के विकास में कोई कोर कसर नहीं रखी जायेगी। 


  स्वागत भाषण देते हुए इंदौर के *महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव* ने कहा कि इंदौर शहर को तेज गति से विकसित किया जा रहा है। शहर को सोलर सिटी एवं डिजिटल सिटी के रूप में विकसित करने के नवाचार भी शुरू किये गये हैं। इंदौर में विकास के क्षेत्र में हो रहे नवाचार से शहर को देश में विशेष स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित परिषद सभागृह का नामकरण भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से किया गया है। उन्होंने कहा कि सदन में संसदीय मर्यादाओं का पूरा पालन किया जायेगा। प्रयास किये जाएंगे की सदन में लोकतांत्रिक मूल्यों की नई गाथा लिखी जाये। उन्होने कहा कि इंदौर शहर के विकास के लिये पक्ष व विपक्ष छोडकर सहयोगी पक्ष के रूप में इंदौर को आगे ले जायेगे। 

 

 कार्यक्रम में जलसंसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व महापौर श्री कृष्णमुरारी मोघे, सभापति श्री मुन्नालाल यादव, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, युवा आयोग के अध्यक्ष श्री निशांत खरे, सफाई कर्मचारी अयोग अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया, विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री रमेश मेंदोला, श्री मधु वर्मा तथा श्री गोलू शुक्ला, श्री सत्यनारायण सत्तन, श्री गौरव रणदीवे, समस्त महापौर परिषद सदस्य, पूर्व विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री जीतू जिराती तथा श्री गोपीकृष्ण नेमा, श्री सुरजीत सिंह चड्डा, नगर निगम में विपक्ष के नेता श्री चिंटू चौकसे सहित अन्य पार्षद, पूर्व पार्षद आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्री कमल वाघेला ने किया। अंत में नगर निगम के सभापति श्री मुन्नालाल यादव ने आभार व्यक्त किया।

 निगम परिषद के नवीन भवन का संक्षिप्त विवरण

नवनिर्मित परिषद हॉल में इंटीरियर का कार्य फरवरी 2023 में प्रारंभ किया गया। परिषद हॉल में इंटीरियर, एयर कंडीशनिंग, इलेक्ट्रिकल्स एवं एकॉस्टिक, कार्य किया गया है। परिषद हॉल मे 116 पार्षदगण के बैठने की व्यवस्था की गई है एवं पंचम तल में पत्रकारों, अतिथियों एवं दर्शकों हेतु 3 तरफ गैलरी में कुल 122 सीटों की व्यवस्था की गई है। परिषद हॉल के इंटीरियर के कार्य पर राशि रू. 3.00 करोड व्यय होकर कार्य पूर्ण किया गया है। नव निर्मित परिषद हॉल में आधुनिक सूचना-प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाकर वाई-फाई, सी.सी.टी.वी. कैमरे का प्रावधान किये गये है। 

 इन्दौर, नगर निगम स्थित परिषद हॉल अत्यंत पुराना होकर इसकी बैठक क्षमता वर्तमान में 85 पार्षदों के मान से पर्याप्त नहीं होने से परिषद सम्मेलन करने में कठिनाई होती थी, जिसके दृष्टिगत नवीन परिषद हॉल का निर्माण किया गया है। परिषद हॉल में इंटीरियर, एयर कंडीशनिंग, इलेक्ट्रिकल्स एवं एकॉस्टिक, कार्य किये गये है, जिसमें 116 पार्षदों के बैठने की व्यवस्था कि गई है। भविष्य में पार्षदों की संख्या बढानें पर भी परिषद हॉल की क्षमता पर्याप्त रहेंगी। इसके अतिरिक्त हॉल के तीनो तरफ गैलरी का निर्माण किया गया है, जिसकी क्षमता 122 सीटों की है, जिसमें पत्रकारों, अतिथियों एवं दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। उक्त व्यवस्थाओं से परिषद का सम्मेलन सुचारू रूप से हो सकेगा।


Post a Comment

0 Comments